दुष्कर्म के आरोपी गायत्री प्रजापति की फिर बिगड़ी तबीयत
दुष्कर्म के आरोपी गायत्री प्रजापति की फिर बिगड़ी तबीयत

दुष्कर्म के आरोपी पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति एक बार फिर बीमार हो गए हैं। कोर्ट के आदेश पर जेल प्रशासन ने उन्हें केजीएमयू में भर्ती कराया है। सीएमओ की ओर से गठित मेडिकल बोर्ड उनकी जांच करेगा। गायत्री के बार-बार बीमार होकर केजीएमयू पहुंचने के पीछे जेल प्रशासन से भी सवाल किए गए तो अधिकारियों ने हाई कोर्ट के निर्देश का हवाला देकर कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया।दरअसल, गायत्री प्रसाद प्रजापति ने बीमारी का इलाज कराने के लिए अल्पावधि जमानत की अर्जी दाखिल की थी। कोर्ट ने जमानत अर्जी को खारिज करते हुए केजीएमयू में भर्ती करने का निर्देश दिया। डॉक्टरों का कहना है कि गायत्री प्रजापति को डायबिटीज, गुर्दा रोग के साथ-साथ रीढ़ की हड्डी में भी दर्द की शिकायत है जिसके इलाज के लिए उन्हें केजीएमयू के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है।
गैंगरेप के मामले में 17 मार्च 2017 को गिरफ्तार हुए गायत्री प्रसाद प्रजापति को जेल गए 3 साल होने को हैं, लेकिन इन 3 सालों में गायत्री का ज्यादातर वक्त इलाज के नाम पर केजीएमयू के वार्ड में रहकर ही बीता है। 17 मार्च 2017 को जेल जाने के डेढ़ महीने बाद ही 3 मई 2017 को गायत्री बीमारी के नाम पर केजीएमयू में भर्ती हो गए थे।
मामला एमपी एमएलए कोर्ट के संज्ञान में आया। कोर्ट ने नाराजगी जताई। कोर्ट ने नाराज होकर केजीएमयू और जेल प्रशासन से पूछ लिया कि आखिर गायत्री को बीमारी क्या है? और कब तक केजीएमयू में भर्ती रहेंगे? मामला कोर्ट की नाराजगी का हुआ तो गायत्री प्रसाद प्रजापति को आनन-फानन में जनवरी 2018 में लखनऊ जेल भेज दिया गया। लखनऊ जेल गए गायत्री से मिलने मुलायम सिंह यादव तक पहुंच गए।



