
मनसे प्रमुख के समर्थन में आए सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा सांसद के बयान का किया विरोध
गोंडा के कैसरगंज सांसद बृजभूषण सिंह के बयान पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विरोध जताया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज ठाकरे को अयोध्या में नहीं घुसने देंगे। अगर राज ठाकरे अयोध्या आना चाहते हैं तो पहले उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगे। गुरुवार को बस्ती पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने सांसद बृजभूषण सिंह के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आज क्यों याद आया है, इसके पहले याद आना चाहिए, भगवान राम सबके हैं, कोई भी आके पूजा कर सकता है, चाहे वह मनसे का हो, सपा का हो, बसपा का हो या कांग्रेस का हो। अगर वो भगवान की पूजा करना चाहता है तो वह आ सकता है। ये चीजे चुनाव के नजदीक आते ही क्यों उठती हैं। चुनाव के पहले उठाना चाहिए था।