SIR एक संस्थागत चोरी’, राहुल गांधी ने फिर बोला चुनाव आयोग पर हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर संस्थागत चोरी का आरोप लगाया है जिसमें वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को गरीबों के वोटिंग राइट्स छीनने की साजिश बताया गया है।

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक बार फिर चुनाव आयोग पर हमला बोला है। ताजा हमले में राहुल ने दावा किया है वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण एक ‘संस्थागत चोरी’ है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग गरीबों के वोटिंग राइट्स को छीनने के इरादे से इस ‘चोरी’ को अंजाम देने के लिए बीजेपी के साथ ‘खुलेआम मिलीभगत’ कर रहा है।
राहुल ने चुनाव आयोग पर BJP से मिलीभगत आरोप लगाया
राहुल गांधी नेअपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि बिहार में एसआईआर को इसलिए लाया गया है क्योंकि चुनाव आयोग जानता है कि हमने उनकी चोरी पकड़ ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा चुनावों की चोरी के लिए मिलीभगत कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने जारी किया वीडियो
प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक दिन बाद, जिसमें उन्होंने देश भर के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे ‘वोट चोरी’ मॉडल की ओर इशारा किया था, राहुल ने कांग्रेस द्वारा की गई जांच और 2024 के लोकसभा चुनावों से कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों के विश्लेषण से क्या पता चलता है, इसकी व्याख्या करते हुए एक वीडियो जारी किया।
राहुल गांधी वीडियो में अपने दावों को दोहराते हुए कहा कि कर्नाटक की बैंगलोर सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में पांच तरह की हेराफेरी के जरिए 1 लाख से अधिक वोट ‘चुराए’ गए।
अगर 10-15 सीट…तो बनती इंडी गठबंधन की सरकार- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोट चोरी हुए। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत में ऐसी 100 से ज्यादा सीटें हैं। यहां जो हुआ है, वही इन सीटों पर भी हुआ है। अगर भाजपा की 10-15 सीटें कम होतीं, तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं होते और भारत में इंडी गठबंधन की सरकार होती।




