घने कोहरे में लिपटा प्रदेश, पछुआ हवा ने बढ़ाई गलन, और भी नीचे लुढ़केगा न्यूनतम तापमान…
घने कोहरे में लिपटा प्रदेश, पछुआ हवा ने बढ़ाई गलन, और भी नीचे लुढ़केगा न्यूनतम तापमान...

पारे में उतार-चढ़ाव और हवा की चाल ठिठुरन बढ़ा रही है। बुधवार को 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा ने गलन बढ़ा दी।
गुरुवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में घना कोहरा रहा। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के साथ गलन लोगों को परेशान करती रही। इसके पहले बुधवार को हल्की धूप जरुर निकली लेकिन हवाओं की वजह से गलन लोगों को ठिठुराती रही।
ठंड को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी व निजी स्कूलों में 13 जनवरी तक छुट्टी बढ़ा दी गई है। इससे पहले यह अवकाश 6 से 10 जनवरी तक बढ़ाया गया था। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार की ओर से बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि नौवीं से 12वीं तक के सभी विद्यालय सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक चलेंगे। आदेश के मुताबिक विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य की ये जिम्मेदारी होगी कि कक्षा में ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं कराएं। संभव हो तो कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन माध्यम से कराया जाए।