राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का ‘मौन सत्याग्रह’

राहुल गांधी को ‘मोदी सरनेम केस’ में राहत नहीं मिलने पर देशभर में बुधवार को कांग्रेस ‘मौन सत्याग्रह’ कर रही है। कई राज्यों में कांग्रेसी नेता सुबह से ही मुंह और हाथों पर काली पट्टी बांधकर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजस्थान में कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने मौन सत्याग्रह’ पर कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा प्यार, अहिंसा और एकजुट करने की बात की है, लेकिन उन्हें निशाना बनाया गया। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे और लोगों के बीच जाएंगे। गुजरात हाईकोर्ट की ओर से सत्र न्यायालय के आदेश को बरकरार रखने के मद्देनजर राहुल गांधी के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव और राज्य में पार्टी प्रभारी शैलजा कुमारी समेत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं ने रायपुर में ‘मौन सत्याग्रह’ किया।
राहुल गांधी के साथ एकजुटता दिखाते हुए कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं ने बेंगलुरु में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी प्रदर्शन में शामिल हैं। राजस्थान के जयपुर में भी कांग्रेसी नेताओं ने मौन सत्याग्रह किया। राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राज्य के पार्टी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और अन्य नेताओं ने सत्याग्रह में भाग लिया। उत्तराखंड के देहरादून में भी कांग्रेस नेताओं ने मौन सत्याग्रह किया। प्रदेश की राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में बुधवार सुबह कांग्रेसी नेता जुटे। इस दौरान एक पत्र के माध्यम से कांग्रेसियों ने कहा कि सात घंटे का मौन सत्याग्रह किया जाएगा।




