पटना में आतंकियों के निशाने पर थे PM मोदी:नूपुर शर्मा समेत इस्लाम के खिलाफ बोलने वालों की लिस्ट तैयार थी; 15 दिन हुई ट्रेनिंग
Desk : Bharat A To Z News

पटना में आतंकियों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पटना दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन आतंकियों के निशाने पर थे। इसके लिए 15 दिन से ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन लोगों ने नूपुर शर्मा समेत इस्लाम के खिलाफ बोलने वालों की लिस्ट तैयार की गई थी। राजस्थान के उदयपुर और महाराष्ट्र के अमरावती की तरह बदला लेने की प्लानिंग थी।
प्रधानमंत्री के दौरे से एक दिन पहले ही पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों अतहर परवेज और मोहम्मद जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। अतहर ने पुलिस को बताया कि इस मुहिम में 26 लोग शामिल थे, जिनकी पटना में ट्रेनिंग चल रही थी। सभी पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी PFI और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया यानी SDPI से भी जुड़े थे।
इसका खुलासा आतंकियों से मिले इंडिया 2047 नाम के डॉक्यूमेंट से हुआ है। पुलिस को 7 पेज का यह डॉक्यूमेंट हाथ लगा है। इसमें पूरी प्लानिंग का जिक्र है। बताया गया है कि पटना के फुलवारी शरीफ के अहमद पैलेस की दूसरी मंजिल को ट्रेनिंग सेंटर बना दिया था। इसमें बिहार के बाहर के लोग भी आ रहे थे।
80 लाख से ज्यादा का ट्रांजैक्शन मिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना दौरे से एक दिन पहले यानी 11 जुलाई की शाम काे IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) के इनपुट पर पुलिस ने नया टोला में छापेमारी कर जलालुद्दीन और गुलिस्तां मोहल्ला स्थित घर से अतहर काे पकड़ा था। इनके बैंक अकाउंट से 80 लाख से ज्यादा का ट्रांजैक्शन मिला है।
फुलवारी शरीफ के ASP मनीष कुमार ने बताया कि ये मिशन 2047 पर काम कर रहे थे। ये लोग भारत को मुस्लिम राष्ट्र बनाना चाहते थे। इसी टारगेट को पूरा करने के लिए मुस्लिम युवाओं को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही थी। ED अब इन्हें फंडिंग करने वालों की जांच करेगी।
गिरफ्तार एक आतंकी झारखंड पुलिस का रिटायर दारोगा
गिरफ्तार आतंकी में एक झारखंड पुलिस का रिटायर दारोगा जलालउदीन और दूसरा उसका साथी अतहर परवेज है। इन दोनों पर आरोप है कि मार्शल आर्ट और शारीरिक शिक्षा देने के नाम पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग देते थे। दोनों पर धार्मिक उन्माद फैलाने और आतंकवादी गतिविधि करने का भी आरोप है।
कई ब्लास्ट के अभियुक्तों का बेलर था अतहर
एएसपी ने यह भी बताया कि 2001, 2003 और 2013 में आतंकी गतिविधियों में हुई सभी गिरफ्तारी में अतहर बेलर रहा है। पुलिस ने इसका सत्यापन कर लिया है।
साजिश: भारत को 2047 तक इस्लामी राष्ट्र बनाना
6-7 जुलाई को मार्शल आर्ट के नाम पर बिहार, तमिलनाडु, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए युवकों को ट्रेनिंग दी गई। साजिश थी भारत को 2047 तक इस्लामी राष्ट्र बनाना।
पुलिस ने इनके ठिकानों से कई आपत्तिजनक बैनर, पंपलेट, वीडियो समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। 11 जुलाई से दोनों से पूछताछ की जा रही थी। सबूत मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार काे दोनों काे मीडिया के सामने पेश किया। एएसपी ने बताया कि अतहर के विभिन्न बैंकों में तीन अकाउंट हैं। इनमें 83 लाख रुपए जमा हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों अकाउंट्स को फ्रीज कराया जाएगा।
सिमी के पुराने सदस्यों को जोड़ कर बना रहे थे गुप्त संगठन
गिरफ्तार मो. जलालुद्दीन प्रतिबंधित आतंकी संगठन का एक्टिव सदस्य रहा है। अब यह पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) का भी एक्टिव मेंबर है। पूछताछ में इसने खुलासा किया है कि PFI से सिमी के पूर्व सदस्यों को जोड़ा जा रहा है। इसके बाद इन्हें जोड़कर एक गुप्त संगठन तैयार किया जा रहा है। इस गुप्त संगठन के जिम्मे एक बड़ा टारगेट दिया गया है।