ग्रेटर नोएडा में बाबा बागेश्वर के दरबार में भगदड़, महिलाओं सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल

बाबा बागेश्वर सरकार के कथा कार्यक्रम में बुधवार को भीड़ ज्यादा हो गई जिससे भगदड़ मच गई। जानकारी के अनुसार इस दौरान महिलाओं समेत करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला करंट की भी चपेट में आई है। बागेश्वर बाबा का कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा के जैतपुर मैट्रो के पास हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार ग्रेटर नोएडा में नौ जुलाई से बाबा बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री द्वारा कथा का आयोजन कराया जा रहा है। पहले दिन कलश यात्रा के बाद कथा का शुभारंभ हुआ था। तय कार्यक्रम के तहत 12 जुलाई यानी आज दिव्य दरबार का कार्यक्रम था। दोपहर में करीब 12 बजे बाबा धीरेंद्र शास्त्री मंच पर पहुंचे और सभा का आयोजन किया।
जानकारी के अनुसार दिव्य दरबार होने के कारण आज लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी अर्जी लगाने की होड़ में भीड़ बेकाबू हो गई। इसके बाद मची भगदड़ में महिलाओं समेत करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।