
बेंगलुरु में होने वाली विपक्षी पार्टियों की बैठक में आम आदमी पार्टी हिस्सा लेगी। AAP सांसद राघव चड्ढा ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए कहा कि विपक्षी दलों की बैठक में आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हिस्सा लेगी।
राघव चड्डा ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी की पीएसी की बैठक में हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई। दिल्ली का ऑर्डिनेंस साफ तौर पर राष्ट्र विरोधी है। इसका समर्थन करने वाला हर शख्स राष्ट्रविरोधी है। हर वो शख्स जो देश के लोकतंत्र से प्यार करता है, वह इस काले अध्यादेश के खिलाफ अपना वोट देगा।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने इसे लेकर हर विपक्षी पार्टी से बात की। सबने इस मुद्दे पर हमारे समर्थन की घोषणा की है। आज कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए दिल्ली के अध्यादेश के खिलाफ अपना स्टैंड क्लियर किया है और विरोध दर्ज करने की घोषणा की है। हम कांग्रेस पार्टी की इस घोषणा का स्वागत करते हैं। मैं कहना चाहूंगा कि 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हिस्सा लेगी।