
भारत में नेपाल सीमा के रास्ते घुसने की कोशिश कर रहे दो चीनी नागरिकों को बिहार के रक्सौल से गिरफ्तार किया गया है। दोनों के भारत आने का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन आव्रजन (इमीग्रेशन) अधिकारियों ने शक जताया है कि ये जासूसी के लिए भारत में दाखिल हो रहे थे। बता दे मई माह में पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर बिना वीजा के नेपाल सीमा के रास्ते चालाकी से भारत में प्रवेश करने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है।
पाकिस्तानी सीमा हैदर ने झूठी भारतीय पहचान की जानकारी देने के बाद भारत आ गयी थी। उसके बाद से बॉर्डर पर सख्ती से चेकिंग की जाने लगी। चेकिंग के दौरान 2 चीनी नागरिकों को पकड़ा गया है जो बिना वीजा और पासपोर्ट के भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। दोनों चीनी नागरिकों को नेपाल से भारत में प्रवेश करते समय पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित भारतीय इमिग्रेशन विभाग द्वारा भारतीय सीमा शुल्क कार्यालय के सामने पकड़ा गया। इसके बाद दोनों को जांच के लिए इमिग्रेशन कार्यालय लाया गया, जहां पता चला कि दोनों चीनी नागरिकों के पास वैध वीजा नहीं था।