यूपी सरकार ने पेश किया राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट…
यूपी सरकार ने पेश किया राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट...

उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए राज्य के बजट का आकार बढ़ाकर 7,36,437 करोड़ रुपए कर दिया है। इसमें 24,863.57 करोड़ रुपए की नई योजनाएं शामिल हैं। राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को विधानसभा में बजट पेश किया। यह राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए राज्य के बजट का आकार 6.90 लाख करोड़ रुपये था जिसमें 32,721 करोड़ रुपये की नई योजनाएं शामिल थीं।
मिली जानकारी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 बजट में में कुल प्राप्तियां 7,21,233.82 करोड़ रुपए रहने का अनुमान लगाया गया है। इसमें कुल 6,06,802.40 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्तियां और 1,14,531.42 करोड़ रुपए की पूंजीगत प्राप्तियां शामिल हैं। राजस्व प्राप्तियों में कर संग्रह का हिस्सा 4,88,902.84 करोड़ रुपए अनुमानित है, जिसमें राज्य का अपना कर राजस्व 2,70,086 करोड़ रुपए और केंद्रीय कर में इसका हिस्सा 2,18,816.84 करोड़ रुपए शामिल है। कुल व्यय 7,36,437.71 करोड़ रुपए अनुमानित है। कुल व्यय में से 5,32,655.33 करोड़ रुपए राजस्व खाते के लिए और 2,03,782.38 करोड़ रुपए पूंजी खाते के लिए आवंटित किए गए हैं। समेकित निधि की प्राप्तियों से कुल व्यय घटाने के बाद बजट में 15,103.89 करोड़ रुपये के घाटे का अनुमान है।