रायपुर में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा, बोले – कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है

रायपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर बरसे। बोले कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है।गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी की कसम खाकर इन्होंने एक घोषणा-पत्र जारी किया था जिसमे बड़ी-बड़ी बातें की थी, लेकिन आज उस घोषणा-पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त चली जाती है।
कॉंग्रेस ने छत्तीसगढ़ से 36 वादे किए थे, एक वादा ये भी किया था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। पांच साल बीत गए, लेकिन सच यह है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में कोयला माफिया, बालू माफिया, भू-माफिया फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अपने कुशासन और भ्रष्टाचार के दाग को कांग्रेस अब झूठी गारंटियों से छिपाने की कोशिश कर रही है। आपको ऐसी झूठी गारंटियों से बहुत सतर्क और सावधान रहने की ज़रूरत है। ये भाजपा है जो असली गारंटी देती है, जो वादा करती है, उसे पूरा करके दिखाती है। पिछले नौ वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के धान किसानों को 1 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक दिए हैं। इस साल भी यहां के धान किसानों को 22 करोड़ रुपये से अधिक दिए गए हैं। ये भाजपा ही है, जो किसानों की मेहनत को समझती है और उनके लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस सिर्फ किसानों को धोखा दे रही है।




