गोवंश तस्करी पर चंदौली एसपी आकाश पटेल सख्त, 24 घंटे चेकिंग और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
एसपी पटेल ने निर्देश दिए कि जनपदीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। गोवंश तस्करी के संदिग्ध मार्गों को चिन्हित कर वहां औचक पिकेट और बैरियर लगाए जाएं।

चंदौली ; पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गोवंश तस्करी के संवेदनशील मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोवंश की तस्करी और अवैध पशु कटान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी पटेल ने निर्देश दिए कि जनपदीय और अंतर-राज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। गोवंश तस्करी के संदिग्ध मार्गों को चिन्हित कर वहां औचक पिकेट और बैरियर लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि गोवंश तस्करी में संलिप्त अपराधियों और माफियाओं को चिन्हित किया जाए। उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को धारा 14(1) के तहत कुर्क किया जाए।
एसपी ने थानों के बीट सिपाहियों और स्थानीय मुखबिर तंत्र को पूरी तरह सक्रिय करने का भी निर्देश दिया, ताकि गोवंश के अवैध परिवहन या कटान की सूचनाएं समय से पहले पुलिस को मिल सकें। उन्होंने कहा कि पहले गोवंश तस्करी के अपराधों में जेल जा चुके अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों की निगरानी की जाए और उनकी हिस्ट्रीशीट खोलकर लगातार जांच की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं भी गोवंश से जुड़ा कोई मामला सामने आता है, तो तत्काल सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। एसपी ने जोर देकर कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी क्षेत्र में पुलिस की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ, चंदौली | शेरेजमा खान




