पांचवें बड़े मंगल पर सजा बजरंगबली का भव्य दरबार, उमड़ी भीड़
पांचवें बड़े मंगल पर सजा बजरंगबली का भव्य दरबार, उमड़ी भीड़ - शहर के देवालयों से लेकर घरों तक गूंजे सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के स्वर

Kanpur; अधिक ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाले पांचवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर पूरे शहर में मारुति नंदन की विशेष आराधना की गई। घरों से लेकर देवस्थानों तक भक्तों ने पवनपुत्र को चोला अर्पित कर उनका अलौकिक शृंगार किया। जगह-जगह भजनों की सरिता बही और लोगों ने सस्वर हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ किया। विधिवत पूजन-अर्चन व मंगल आरती के पश्चात भगवान को बूंदी और बेसन के लड्डुओं का भोग लगाया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा गया। भोर से लेकर देर रात तक मंदिरों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
शहर के प्रमुख देवस्थानों, जिनमें श्री बालाजी मंदिर, राजधानी मार्ग स्थित प्राचीन महावीर मंदिर और धोबिन पुलिया वाले हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। ज्येष्ठ मास के पांचवें बड़े मंगल के मौके पर शहर के चप्पे-चप्पे पर भंडारे और मीठे जल (शरबत) के स्टॉल लगाए गए। ज्यादातर मंदिरों के बाहर और चौराहों पर लगे इन स्टॉलों पर चिलचिलाती धूप व गर्मी से निजात पाने के लिए राहगीरों ने रुककर अपनी प्यास बुझाई।
संजय भारती की रिपोर्ट




