डामर (तारकोल) से भरे एक गहरे गड्ढे में फंसने के कारण एक गोवंश की तड़प-तड़प कर मौत
मरहला चौराहे के समीप स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्लांट के पास विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे यहाँ खुले में छोड़े गए डामर (तारकोल) से भरे एक गहरे गड्ढे में फंसने के कारण एक गोवंश की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

Kanpur Desk; शुक्लागंज: मरहला चौराहे के समीप स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्लांट के पास विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे यहाँ खुले में छोड़े गए डामर (तारकोल) से भरे एक गहरे गड्ढे में फंसने के कारण एक गोवंश की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
बुलडोजर से निकाला गया शव, कराया गया अंतिम संस्कार:
स्थिति को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने तुरंत गोरक्षक दल के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह को सूचित किया। मौके पर पहुंचे नीरज सिंह ने पुलिस को बुलाया, जिसके बाद पुलिस ने एक बुलडोजर की मदद से डामर में फंसे गोवंश को बाहर निकलवाया। बाद में स्थानीय लोगों ने पास ही में गड्ढा खोदकर सम्मानपूर्वक उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, अधिकारियों ने दिया आश्वासन:
गोरक्षक दल के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने इस दर्दनाक घटना के लिए सीधे तौर पर पीडब्ल्यूडी प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि विभाग की अनदेखी के चलते मवेशियों की जान जा रही है और ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। घटना के दौरान मौजूद भीड़ ने पीडब्ल्यूडी की लापरवाही का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) एचडी अहिरवार ने सफाई दी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे संबंधित जेई को तुरंत निर्देश देकर डामर के गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग करवाएंगे, ताकि भविष्य में कोई भी बेजुबान जानवर इस तरह की दुर्घटना का शिकार न हो।
संजय भारती की रिपोर्ट



