
कांग्रेस नेता की सरेआम हुई पिटाई काग्रेंस नेता पर बदमाशों ने बरसाई लाठियॉँ
राजस्थान में कांग्रेस राज में बीकानेर में एक कांग्रेस नेता की बदमाशों ने सरेराह जमकर पिटाई की।
बदमाश बीकानेर के नोखा के देहात कांग्रेस अध्यक्ष मेघ सिंह को तब तक लाठियों से पीटते रहे जब
तक वे खुद नहीं थक गये । हमले में मेघ सिंह बुरी तरह से घायल हो गये।
बताया जा रहा है कि हमले में सिंह के पैरों में करीब 10 फ्रैक्चर हो गये।
इस संबंध में गुरुवार देर रात तक पुलिस में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार नोखा के देहात कांग्रेस अध्यक्ष मेघ सिंह गुरुवार को अपने परिवार सहित देशनोक करणी माताजी के दर्शन कर वापिस लौट रहे थे।इसी दौरान बीकानेर-नोखा सड़क मार्ग पर हिम्मतसर गांव में बदमाशों ने अपनी कार मेघ सिंह की कार के आगे लगाकर उसे जबरन रुकवा लिया। उसके बाद हमलावरों ने मेघ सिंह को जबरन खींचकर कार से बाहर निकाल लिया और उन पर लाठियां बरसानी शुरू कर दी। जमीन पर गिरे सिंह अपने बचाव के लिये हाथ-पैर मारते रहे लेकिन हमलावरों को उन पर जरा भी तरस नहीं आया. वे मेघ सिंह को तब तक मारते रहे जब तक वे खुद थक नहीं गये.इस दौरान सिंह के साथ रहे कुछ परिजनों ने उनको बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। भीड़ वहां तमाशबीन खड़ी रही और मेघ सिंह की पिटते देखती रही।लोग सिंह को बचाने की बजाय उनका वीडियो बनाते रहे। हमलावरों ने सिंह की कार पर भी लाठियां बरसाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में जब मेघ सिंह बुरी तरह से घायल हो गये तो हमलावर वहां से अपनी कार में बैठकर फरार हो गये।परिजन तत्काल मेघ सिंह को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ले गये।वहां उन्हें भर्ती किया गया है।