
दलित परिवार से मिलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गाँधी ने पोछे बेबस माँ के आंसू
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को उन्नाव पहुंचीं। उन्होंने यहां कांग्रेस प्रत्याशी आशा सिंह के लिए रोड शो किया। आशा सिंह की बेटी के साथ पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने दुष्कर्म किया था। यहां से निकलने के बाद प्रियंका कांशीराम कॉलोनी पहुंचीं। यहां उन्होंने दलित युवती के परिवार से मुलाकात की। प्रियंका गांधी ने गले लगाकर मृतका की मां के आंसू पोछे और कहा आप चिंता न करें। उन्होंने बंद कमरे में 45 मिनट तक बात की। सपा सरकार में पूर्व मंत्री के लड़के ने एक दलित बेटी के साथ बलात्कार किया फिर हत्या कर दी थी। परिवार भटकता रहा, कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रियंका गांधी ने कहा कि पहले उन्नाव की बेटी की अपहरण के बाद हत्या की गई। इसके बाद परिजनों को न्याय न दिलाकर उनके साथ अन्याय किया गया।
आपको बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी में रहने वाली दलित महिला रीता की 25 वर्षीय बेटी पूजा 8 दिसंबर 2021 से गायब थी। इसके बाद पीड़ित मां ने 9 दिसंबर को सपा के पूर्व राज्य मंत्री फतेह बहादुर सिंह के बेटे राजोल सिंह के खिलाफ तहरीर देते हुए बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला सपा के पूर्व राज्यमंत्री और कद्दावर नेता रहे फतेह बहादुर के बेटे से जुड़ा होने के चलते पुलिस लगातार हीलाहवाली करती रही। मामला SC-ST से जुड़ा हुआ था, फिर भी सीओ कृपा शंकर ने मुकदमे में जांच करने के लिए 33 दिन लगा दिए और 11 जनवरी को विवेचना अपने हाथों में ले ली।