प्रमोद कुमार उपाध्याय के निधन पर समाजवादी पार्टी ने जताया गहरा शोक
बलिया। दैनिक जागरण के पूर्व व्यवस्थापक एवं शिक्षण संस्थाओं से जुड़े जनपद के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय के असामयिक निधन पर समाजवादी पार्टी, बलिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Balia News ; दैनिक जागरण के पूर्व व्यवस्थापक एवं शिक्षण संस्थाओं से जुड़े जनपद के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व श्री प्रमोद कुमार उपाध्याय के असामयिक निधन पर समाजवादी पार्टी, बलिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी नेताओं ने इसे जनपद के बौद्धिक, सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
बलिया के सांसद सनातन पाण्डेय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रमोद कुमार उपाध्याय जी का निधन व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। वे न केवल एक कुशल व्यवस्थापक थे, बल्कि बलिया की सामाजिक संरचना और शिक्षा के विकास में उनकी भूमिका अनुकरणीय रही। उनका सौम्य स्वभाव और प्रभावी कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी।”
उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “प्रमोद कुमार उपाध्याय जी ने पत्रकारिता और शिक्षा के माध्यम से जनपद की जो सेवा की, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने सिद्धांतों और मूल्यों की राजनीति का सदैव सम्मान किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति दें।”
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने कहा कि “प्रमोद उपाध्याय जी का जाना बलिया के लिए एक युग के अंत जैसा है। शिक्षण संस्थाओं से उनके जुड़ाव ने हजारों युवाओं को दिशा दी। समाजवादी पार्टी परिवार इस दुःख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है।”
अंत में समाजवादी पार्टी, बलिया ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।




