
कलयुगी माँ-बाप की शर्मनाक करतूत आई सामने 11 साल के बच्चे को 2 साल तक 22 कुत्तों के साथ किया कैद
पुणे के कोंढवा इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वहां मां-बाप ने 11 साल के बेटे को 22 कुत्तों के साथ पिछले 2 साल से कैद कर रखा था।पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस ने फ्लैट पर दबिश दी और बच्चे को बेजुबानों के साथ मुक्त करवाया। बुधवार देर रात इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुणे पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सरदार पाटिल ने बताया कि बच्चे को घर में गलत ढंग से कैद करने के लिए हमने संजय लोधरिया और शीतल लोधरिया को अरेस्ट किया है।
दोनों कोंढवा की कृष्णाई बिल्डिंग में रहते हैं। इन्होंने अपने घर में 22 कुत्तों को रखा हुआ था। इनमें से ज्यादातर सड़क से उठाए गए थे। पाटिल ने बताया कि आरोपी दंपती खाना देने के लिए घर में आते थे और फिर कुछ देर वहां रहने के बाद वापस चले जाते थे। पाटिल ने बताया कि कृष्णाई बिल्डिंग के रहने वाले कुछ लोगों ने घर में कैद बच्चे को खिड़की पर खड़े होकर अजीब हरकत करते हुए देखा, इसके बाद चाइल्ड लाइन की अनुराधा सहस्रबुद्धे को फोन करके इसकी जानकारी दी। यह बच्चा आमतौर पर बालकनी या खिड़की पर बैठा रहता था।