संयुक्त विपक्ष के नेताओं ने रखा गठबंधन का नाम, NDA बनाम INDIA का होगा मुकाबला

बेंगलुरु में जारी संयुक्त विपक्ष की बैठक के दूसरे दिन विपक्ष के नेताओं ने गठबंधन का नाम इंडिया रखा। विपक्ष की ओर से इंडिया का पूरा नाम, I – Indian N – National D – Democractic I – Inclusive A – Alliance बताया गया है।
पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने कहा कि ये एक अच्छी, सार्थक बैठक है। रचनात्मक निर्णय लिया जाएगा…आज हमने जो चर्चा की, उसके बाद का नतीजा इस देश के लोगों के लिए अच्छा हो सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी को पिछले 10 वर्षों तक देश पर शासन करने का मौका मिला और उन्होंने देश के लगभग हर क्षेत्र को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। उन्होंने लोगों के बीच नफरत पैदा की है। देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है, इतनी महंगाई है, सभी क्षेत्रों में इतनी बेरोजगारी है। अब मुझे लगता है, अब समय आ गया है कि इस देश के लोग इनसे छुटकारा पाना चाहते हैं, इसलिए सभी को एक साथ आने की जरूरत है।
बता दें कि दूसरे दिन की बैठक में शामिल होने के लिए शरद पवार मंगलवार सुबह मुंबई से बेंगलुरु पहुंचे गए। दूसरे दिन की बैठक में शरद पवार के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, NCP प्रमख शरद पवार समेत 26 पार्टियों के नेता मौजूद हैं।



