गुजरात के भावनगर में नकली शराब ने ली 3 दोस्तों की जान
गुजरात के भावनगर जिले में नकली शराब पीने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले की जांच स्टेट मॉनिटरिंग सेल को सौंपी गई है।

Gujrat; गुजरात के भावनगर जिले के घोघा तालुका के खरकड़ी गांव में नकली शराब (लट्ठाकांड) पीने की आशंका से हड़कंप मच गया है। गत 16 अगस्त की रात को शराब पार्टी करने के बाद संदिग्ध नकली शराब पीने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके अन्य 6 दोस्तों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शराब पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरकड़ी गांव के 7 दोस्तों ने 16 अगस्त की रात को मिलकर शराब पार्टी का आयोजन किया था। कथित तौर पर डुप्लीकेट शराब पीने के तुरंत बाद सभी की तबीयत अचानक खराब होने लगी, जिसमें उपेन्द्रसिंह गोहिल नाम के युवक की सबसे पहले मौत हुई।
एसपी नितेश पांडेय के अनुसार, बाकी बचे 6 लोगों को तुरंत सर टी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 24 वर्षीय विश्वराजसिंह गोहिल और घनश्यामसिंह जडेजा की हालत भी बेहद गंभीर बताई जा रही थी। इलाज के दौरान दो और दोस्तों की मौत के बाद प्रशासन ने कुल 3 मौतों की पुष्टि की है।
मृतकों की पहचान और जहर की आशंका
पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान भावनगर के तळाजा रोड निवासी 40 वर्षीय कार्तिक अश्विनभाई मकवाना, घोघा तालुका के खरकड़ी गांव के 25 वर्षीय उपेन्द्रसिंह चंद्रसिंह गोहिल और मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले नरेंद्रसिंह यादव के रूप में हुई है।



