राजनीती

अर्धकुंभ में हरिद्वार की सफाई व्यवस्था होगी चाक चौबंद

हरिद्वार नगर निगम अर्धकुंभ मेले में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तकनीक का सहारा लेगा। 10,000 क्यूआर कोड के जरिए सफाई कार्यों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।

हरिद्वार। अर्धकुंभ में शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और कूड़ा उठान से लेकर सफाई कार्यों की निगरानी तक के लिए नगर निगम तकनीक का सहारा लेगा।

इसके लिए नगर निगम ने सफाई निगरानी प्रणाली विकसित करने और संचालित करने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इस व्यवस्था में वेब पोर्टल और मोबाइल एप के साथ जियो टैगिंग और वाहनों की ट्रैकिंग की सुविधा भी शामिल होगी। इसके माध्यम से सफाई कार्यों की निगरानी एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर की जा सकेगी।

क्यूआर कोड और मोबाइल एप के जरिये निगरानी

नगर निगम की इस योजना का उद्देश्य अर्धकुंभ मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को केवल कर्मचारियों की रिपोर्ट तक सीमित रखने के बजाय उसकी वास्तविक स्थिति पर नजर रखना है। मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कूड़े की मात्रा बढ़ेगी। ऐसे में सफाई कर्मचारियों, कूड़ा उठाने वाले वाहनों और सफाई से जुड़ी शिकायतों की निगरानी के लिए एक व्यवस्थित प्रणाली की जरूरत होगी।

प्रयागराज महाकुंभ में क्यूआर कोड और मोबाइल एप के जरिये शौचालयों की सफाई की निगरानी की गई थी। अब हरिद्वार नगर निगम भी अर्धकुंभ में इसी तरह की तकनीक अपनाने जा रहा है। हालांकि, हरिद्वार के टेंडर में इसका दायरा शौचालयों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें सफाई निगरानी के साथ वाहनों की ट्रैकिंग और डिजिटल प्लेटफार्म के संचालन का भी प्रविधान है।
Tags

Related Articles

Back to top button
Bharat AtoZ News
Close