सीएम जयराम बोले- कांग्रेस में सत्ता का मतलब मौज

हिमाचल के सिरमौर जिले के पच्छाद उपचुनाव का काउंटडाउन शुरू होते ही भाजपा और कांग्रेस ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राजगढ़ और पझौता (चंदोल) में दो चुनावी सभाएं कीं। राजगढ़ में भाजपा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में रोड शो किया। इस दौरान सीएम ने जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस में सत्ता का मतलब मौज है। सीएम ने कहा कि धर्मशाला और पच्छाद दोनों विधानसभा सीटें भाजपा की थीं और भाजपा की ही रहेंगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि हमारी सरकार सेवा भाव से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीनों में हिमाचल को चूल्हा मुफ्त किया जाएगा और लोगों को एलपीजी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद जो किसी घर में एलपीजी नहीं होने की जानकारी देगा, सरकार उसे पुरस्कार देगी। बता दें इससे पूर्व सीएम भाजपा पत्याशी रीना कश्यप के नामांकन के समय भी राजगढ़ आए थे। चुनाव प्रचार के लिए दर्जनों भाजपा नेता चुनाव प्रचार में पच्छाद में डेरा जमाए हैं।
उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस बुधवार को राजगढ़ में विरोध रैली निकालेगी। कांग्रेस के दर्जनों शीर्ष नेता इन दिनों पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र में डटे हैं और गांव-गांव जाकर वोट मांग रहे हैं। पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठौर भी पिछले कई दिन से पच्छाद क्षेत्र में डटे हैं। उनके साथ कांग्रेस के विधायक भी प्रचार को गति दे रहे हैं।