
गंगा जमुनी तहज़ीब का अद्भुत नज़ारा आया सामने मुस्लिम महिलाओं ने की भगवान राम की आरती
रामनवमी पर रविवार को मुस्लिम महिलाओं ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारी। मुस्लिम महिला फाउंडेशन व विशाल भारत संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में मुस्लिम महिलाएं दोपहर में लमही स्थित सुभाष भवन में जुटीं। प्रभु के जन्मोत्सव की बेला दोपहर में प्रभु श्रीराम व मां जानकी की महिमा बखानते स्वर गूंज उठे। काशी धर्म परिषद के अध्यक्ष पातालपुरी मठ के महंत बालक दास महाराज के सानिध्य में मुस्लिम महिलाओं ने आरती व स्तुति की।
इस दौरान मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी लिखित ऊर्दू आरती का गायन किया गया। नाजनीन में प्रभु की महिमा बखानते ऊर्दू में लिखे गए भजन सुनाए और विश्व शांति की कामना की। पर्व विशेष पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान का दरबार सजाया गया था। फूलों से उर्दू में श्रीराम लिखा और फूलों के ही दीप भी सजाए गए थे। आपको बता दें कि वर्ष 2006 में संकट मोचन मंदिर में बम विस्फोट के बाद विशाल भारत संस्थान व मुस्लिम महिला फाउंडेशन की मुस्लिम महिलाओं ने नाजनीन अंसारी के नेतृत्व में वहां हनुमान चालीसा का पाठ किया था। उसके बाद से ही हर साल रामनवमी पर मुस्लिम महिलाएं भगवान श्रीराम की आरती करती आ रही हैं।