हेमंत सोरेन को मिला लालू का समर्थन, बोले- सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार कर रही प्रताड़ित…
हेमंत सोरेन को मिला लालू का समर्थन, बोले- सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार कर रही प्रताड़ित...

हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की गिरफ्तारी को लेकर विपक्ष लगातार बीजेपी पर हमलावर है। वहीं, आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने भी सोशल मीडिया के जरिए इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी और बीजेपी पर ज़ोरदार हमला बोला।
भाजपा का डर जग-ज़ाहिर”
लालू यादव ने सोशल साइट एक्स पर लिखा,” झारखंड की लोकप्रिय सरकार के जनप्रिय आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार प्रताड़ित कर रही है। भाजपा के यह घिनौने हथकंडे अल्प समय के लिए परेशान तो कर सकते हैं पर पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और हाशियों पर रहने वाले समूहों के संकल्प और महत्वाकांक्षाओं को पराजित नहीं कर सकते। उन्होंने आगे लिखा, कि भाजपा का डर जग-ज़ाहिर है और जनता भी यह बात अब समझ चुकी है। हम मजबूती से हेमंत के साथ हैं।
बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन को धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बीती रात को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने गिरफ्तार किए जाने को चुनौती देते हुए बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय का रुख किया। प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करने के लिए सहमत हुई। वहीं, गिरफ्तारी से कुछ देर पहले ही हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया। सोरेन के इस्तीफे के बाद मंत्री चंपई सोरेन को सर्व सम्मति से विधायक दल का नया नेता चुना गया।