गंगा में नहाते समय 16 वर्षीय किशोर डूबा, साथी सुरक्षित; गोताखोर कर रहे तलाश
जनपद के जाजमऊ स्थित लोचन खेड़ा में गंगा नदी के किनारे नहाने आए एक 16 वर्षीय किशोर के गहरे पानी में डूबने का दुखद मामला सामने आया है। हादसे के दौरान उसका एक साथी सुरक्षित बच गया है।

उन्नाव/जाजमऊ। जनपद के जाजमऊ स्थित लोचन खेड़ा में गंगा नदी के किनारे नहाने आए एक 16 वर्षीय किशोर के गहरे पानी में डूबने का दुखद मामला सामने आया है। हादसे के दौरान उसका एक साथी सुरक्षित बच गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम गंगा में किशोर की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर जनपद के जाजमऊ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम प्योदी निवासी कैलाश का करीब 16 वर्षीय पुत्र आयुष अपने एक परिचित के साथ गंगा नहाने के लिए उन्नाव के लोचन खेड़ा आया हुआ था। उसके साथ गंगा घाट थाना क्षेत्र (जनपद उन्नाव) के लोचन खेड़ा का ही रहने वाला उसका 22 वर्षीय साथी रोशन पुत्र सुखलाल भी मौजूद था।
बताया जा रहा है कि गंगा में नहाते समय अचानक आयुष का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में समा गया। उसे डूबता देख चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि उसका साथी रोशन इस गंभीर हादसे में सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल गोताखोरों द्वारा गंगा नदी में जाल डालकर आयुष की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
संजय भारती की रिपोर्ट




