बेरहम पुलिस दिव्यांगों और महिलाओं पर ढा रही जुल्म
बेरहम पुलिस दिव्यांगों और महिलाओं पर ढा रही जुल्म

श्रावस्ती:बेरहम पुलिस दिव्यांगों और महिलाओं पर ढा रही जुल्म।जी हां! कोरोना कर्फ्यू के बावजूद इकौना बाजार में रोजाना हजारों की भीड़ जुटती है। उसे नियंत्रित करने में असफल पुलिस ने एक दिव्यांग फल विक्रेता को निशाना बनाया। दरअसल कोरोना कर्फ्यू के दौरान फल, दूध और सब्जी विक्रेताओं को रियायत दी गई है। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक इन्हें दुकान खोलने की इजाजत है। लेकिन कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के नाम पर पुलिस योगी सरकार का यह आदेश भूल गई।
इकौना बाईपास पर फल का ठेला लगा रहे दिव्यांग व्यापारी का आरोप है कि दुकान बंद होने के बावजूद सिपाही बृजपाल ने न सिर्फ उसकी पिटाई की बल्कि 500 रुपये भी लिए। व्यापारी को गम्भीर चोट आई है। वहीं दूसरी ओर इकौना बाजार में ही घर जा रही दो महिलाओं पर एक वर्दीधारी अपना बल दिखाते नजर आ रहे हैं। हद तो इस बात की है कि जिस प्रदेश में महिलाओं के सम्मान की बात खुद मुख्यमंत्री कर रहे हों वहां एक पुरूष पुलिसकर्मी बेरहमी से महिला पर लाठियां भांज रहा है। हालांकि मामला संज्ञान में आने पर विधायक रामफेरन पांडेय ने एसपी से शिकायत की है। जिसके बाद सिपाही को लाइन हाजिर कर जांच कराई जा रही है।