IND vs SL टेस्ट के बीच आई हैरान करने वाली खबर, भारतीय क्रिकेटर ने किया संन्यास का एलान
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे एक लेग स्पिनर ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। ये खिलाड़ी 25 अगस्त को आखिरी बार मैदान पर उतरेगा।

Cricket News; इस समय भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के एसएससी स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच का आज पहला दिन है और इस मैच के बीच एक भारतीय क्रिकेटर ने संन्यास लेने का फैसला किया है। ये खिलाड़ी हैं कर्ण शर्मा। कर्ण ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट को अलविदा कहने का मन बना लिया है।
इन लोगों को कहा शुक्रिया
क्रिकइंफो ने अपनी रिपोर्ट में कर्ण के हवाले से लिखा है, “अब मैं संन्यास ले रहा हूं। मैं अपने परिवार, बीसीसीआई, रेलवे, यूपीसीए, आंध्र प्रदेश, विदर्भ क्रिकेट संघ और हर उस इंसान क शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मेरा साथ दिया।”
कर्ण ने भारत के लिए एक टेस्ट, दो वनडे और एक टी20 मैच खेला है। कर्ण ने कहा, “इसके बाद मैं कोचिंग और क्रिकेट से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहूंगा।”
ऐसा रहा करियर
कर्ण आईपीएल में भी कई टीमों से खेले और वह लगातार तीन आईपीएल जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। ये काम उन्होंने 2018 में किया था। तब वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ थे। उससे पहले मुंबई इंडियंस के साथ 2017 में उन्होंने खिताब जीता था और 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के साथ पहला आईपीएल जीता था। कर्ण ने उस मैच में अपना वनडे डेब्यू किया था जिस मैच में रोहित शर्मा ने ऐतिहासिक 264 रनों की पारी खेली थी। ये मैच श्रीलंका के खिलाफ नवंबर 2014 में खेला गया था। इस सीरीज में उन्होंने एक और मैच खेला था, लेकिन विकेट नहीं ले पाए थे।




