गुजरात: सूरत से राजस्थान जा रही बस वडोदरा एक्सप्रेसवे पर ट्रक से भिड़ी
गुजरात के आनंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण बस-ट्रक टक्कर में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

Gujrat Desk; गुजरात के आनंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सूरत से राजस्थान जा रही एक लग्जरी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बस में सवार अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।
तड़के 4:00 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘साई दर्शन ट्रैवल्स’ की लग्जरी बस सूरत से यात्रियों को लेकर राजस्थान जा रही थी। बुधवार सुबह तड़के लगभग 4:00 बजे जब बस वडोदरा-अहमदाबाद एक्सप्रेसवे पर आनंद से नडियाद की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस की राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 5 यात्रियों को तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि मृत 5 लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ओवरटेकिंग या नींद की झपकी की आशंका
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




