Dhadak 2 Review: ‘जात-पात, ऊंच-नीच…’ मुद्दा प्रासंगिक पर धड़कन कमजोर
Dhadak 2 Review साल 2018 रोमांटिक ड्रामा फिल्म धड़क का सीक्वल आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गया। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है।

Bollywood। साल 2016 में आई मराठी फिल्म ‘सैराट’ में आनर किलिंग के मुद्दे को बहुत बारीकी से दिखा गया था। फिल्म की सफलता ने फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) का ध्यान खींचा और उन्होंने साल 2018 में उसकी हिंदी रीमेक धड़क बनाई। इस फिल्म से श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर को लॉन्च किया गया था। अब करीब सात साल के अंतराल के बाद इस फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म धड़क 2 आई है। यह तमिल फिल्म परियेरुम पेरुमल की रीमेक है। इसमें भी जातपात, भेदभाव, ऊंच नीच, आरक्षण, अंग्रेजी न बोल पाना जैसे कई मुद्दे हैं, लेकिन संवेदनाएं नहीं उमड़ती। आप उससे जुड़ाव नहीं महसूस करते।
क्या है धड़क 2 की कहानी?
कहानी भोपाल में सेट है। वकील बनने की ख्वाहिश रखने वाले निम्न जाति के नीलेश (सिद्धांत चतुर्वेदी) को आरक्षण के आधार पर ला कालेज में एडमिशन मिलता है। अंग्रेजी में कमजोर नीलेश की मदद उसकी सहपाठी विधि (तृप्ति डिमरी) करती है। दोनों एकदूसरे से प्यार करने लगते हैं। विधि जातपात में यकीन नहीं रखती है। उसी क्लास में विधि का चचेरा भाई रोनी (साद बिलग्रामी) भी पढ़ता है। उसे दोनों की नजदीकियां पसंद नहीं। विधि अपनी बहन की शादी में नीलेश को बुलाती है। वहां पर रोनी और उसके दोस्त उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते हैं। विधि के पिता भी नीलेश से अपनी बेटी से दूर रहने को कहते हैं। कालेज में रोनी और नीलेश की तकरार कई बार होती है। रोनी उसके मारने की सुपारी शंकर (सौरभ सचदेव) को देता हैं। नीलेश मरने और लड़ने में किसे चुनेगा कहानी इस संबंध में है।
पहला भाग काफी खिंचा हुआ है
फिल्म की शुरुआत में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति थामस जेफरसंस (Thomas Jefferson) का कथन है कि जब अन्याय कानून बन जाता है, तो प्रतिरोध कर्तव्य बन जाता है। राहुल बडवेलकर और शाजिया इकबाल द्वारा रूपांतरित तमिल कहानी, पटकथा और संवाद की कहानी का आधार यही है। हालांकि शाजिया इकबाल निर्देशित यह फिल्म टुकड़ों-टुकड़ों में प्रभाव छोड़ पाती है। मध्यांतर से पहले कहानी जातिवाद के मुद्दे और प्रेम कहानी को स्थापित में काफी समय लेती है। वह काफी खिंची हुई लगती है। नीलेश और विधि की प्रेम कहानी भी दिलचस्प नहीं बनी है।